June 10, 2026

 भीषण गर्मी और रविवार की छुट्टी के चलते छत्तीसगढ़ के ‘मिनी गोवा’ के नाम से मशहूर कोरबा जिले के कटघोरा स्थित झोरा घाट में पर्यटकों का तांता लगा रहा। एक ओर लोग परिवार के साथ राहत के पल बिताने पहुंचे, वहीं दूसरी ओर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा शराब पीकर वाहन चलाते और खतरनाक स्टंट करते नजर आए। इसकी लोगों ने पुलिस से शिकायत की, जिसपर त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की।

5 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे

जानकारी के अनुसार, रविवार को झोरा घाट पिकनिक स्पॉट पर करीब 5 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ युवक शराब के नशे में रफ ड्राइविंग करते और बाइक से स्टंटबाजी करते दिखाई दिए। इससे वहां मौजूद परिवारों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा था।

ड्रिंक एंड ड्राइव और रफ ड्राइविंग की शिकायत पर कार्रवाई

शिकायत मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव और रफ ड्राइविंग के मामले में 23 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। पकड़े गए वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार होने के कारण झोरा घाट पर काफी भीड़ थी। रफ ड्राइविंग और हुड़दंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया और कार्रवाई करते हुए 23 बाइक जब्त की गईं। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि पिकनिक स्पॉट पर किसी भी प्रकार का नशा न करें और शांतिपूर्ण तरीके से घूमने का आनंद लें।

​झोरा घाट अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन हाल के दिनों में यहां असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ने लगी थीं। स्थानीय पुलिस की इस सक्रियता से उन परिवारों को राहत मिली है, जो यहां सुकून के पल बिताने आते हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आने वाले दिनों में भी इस तरह की चेकिंग और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।​​

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *