रायपुर। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले 9 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे रायपुर और बिलासपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दौरे के दौरान केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के साथ ही अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग से जुड़े नियुक्ति संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा प्रस्तावित है।

रायपुर में योजनाओं की समीक्षा और प्रेस कॉन्फ्रेंस
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रामदास आठवले सुबह 8:15 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे स्टेट गेस्ट हाउस जाएंगे। यहां अधिकारियों के साथ सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को लेकर बैठक होगी।
बैठक में केंद्र की योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा रायपुर नगर निगम में SC/ST बैकलॉग पदों पर नियुक्तियों से जुड़े मुद्दे पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा प्रस्तावित है।
इसके बाद सुबह 10:45 बजे रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें केंद्रीय राज्य मंत्री मीडिया से विभिन्न मुद्दों पर बातचीत करेंगे।
सड़क मार्ग से बिलासपुर जाएंगे आठवले
रायपुर में कार्यक्रम पूरा होने के बाद रामदास आठवले सड़क मार्ग से बिलासपुर के लिए रवाना होंगे। बिलासपुर में भी उनका कई कार्यक्रमों में शामिल होने का कार्यक्रम है।
केंद्रीय राज्य मंत्री शाम 4:30 बजे बिलासपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके बाद वे गौरव सम्मान समारोह में शामिल होंगे।
CM विष्णुदेव साय से भी होगी मुलाकात
दौरे के अंत में रामदास आठवले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात करेंगे। इस दौरान सामाजिक न्याय, अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के छत्तीसगढ़ में क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
केंद्रीय राज्य मंत्री के इस दौरे को राज्य में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा और SC/ST वर्ग से जुड़े लंबित मुद्दों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।