बड़वानी। मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मगरखेड़ी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक-युवती को टक्कर मार दी। हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर मौजूद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
ट्रक के नीचे फंसा युवती का शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूमि शर्मा और आशीष परमार बाइक से हाईवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान मगरखेड़ी के पास एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि भूमि शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद उनका शव ट्रक के नीचे फंस गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल आशीष परमार को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
क्रेन की मदद से निकाला गया शव
हादसे की सूचना मिलते ही बलकवाड़ा थाना प्रभारी सागर चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई थी।
पुलिस ने स्थिति संभालते हुए क्रेन को मौके पर बुलाया। इसके बाद ट्रक को उठाकर काफी मशक्कत के बाद युवती के शव को उसके नीचे से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने संभाला यातायात, ग्रामीणों ने की सराहना
हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस टीम ने राहत और बचाव कार्य के साथ मौके पर भीड़ और यातायात व्यवस्था को भी संभाला।
स्थानीय ग्रामीणों ने हादसे के बाद पुलिस की तत्परता और राहत-बचाव कार्य की सराहना की। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।