आगर मालवा। मध्य प्रदेश की महिलाओं के लिए रविवार, 13 सितंबर का दिन खास रहने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगर मालवा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की सितंबर माह की 40वीं किस्त का अंतरण करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 1,835 करोड़ 09 लाख 22 हजार 450 रुपये की मासिक आर्थिक सहायता सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
सितंबर की किस्त के साथ योजना शुरू होने से अब तक महिलाओं को नियमित मासिक सहायता के रूप में अंतरित राशि 65,395.99 करोड़ रुपये हो जाएगी।

1,000 रुपये से शुरू हुई थी योजना, अब मिल रहे 1,500 रुपये
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। उस समय पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती थी।
इसके बाद अक्टूबर 2023 से सहायता राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई और यह राशि 1,250 रुपये प्रतिमाह हो गई। नवंबर 2025 से एक बार फिर 250 रुपये की वृद्धि के बाद वर्तमान में पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
पेंशन पाने वाली महिलाओं को भी योजना का लाभ
योजना के प्रावधानों के तहत ऐसी पात्र महिला हितग्राहियों को भी लाभ दिया जा रहा है, जिन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के माध्यम से प्रतिमाह 900 रुपये मिलते हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें अंतर की राशि उपलब्ध कराई जाती है।
जून 2023 से अगस्त 2026 तक लाड़ली बहना योजना के तहत 39 नियमित मासिक किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। अब सितंबर में 40वीं किस्त का अंतरण किया जाएगा।
रक्षाबंधन पर भी मिली थी अतिरिक्त राशि
नियमित किस्तों के अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में पात्र महिला हितग्राहियों को 250 रुपये की विशेष आर्थिक सहायता भी दी गई थी।
सरकार के अनुसार, जून 2023 से अगस्त 2026 तक लाड़ली बहना योजना के तहत 63,560.90 करोड़ रुपये की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है।
2026-27 में 23,882 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान
वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर 2026 तक योजना के तहत 11,300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।
आगर मालवा को विकास कार्यों की भी सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लाड़ली बहना योजना की किस्त के अंतरण के साथ आगर मालवा में कई विकास कार्यों की सौगात भी देंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री 225 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 33 विकास कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे। इसके अलावा 28 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 17 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा।