छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 7 वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला सामने आया है। बच्ची घर के पास राशन दुकान से घरेलू सामान लेने गई थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने गांव और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम बच्ची की तलाश में जुटी है।

चार महीने पहले परिवार के साथ कोरबा आई थी बच्ची
लापता बच्ची की पहचान भव्या जोशी (7) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ रजगामार ग्राम पंचायत के रजगामार बस्ती में रहती है। उसका परिवार करीम पोल्ट्री फार्म में रह रहा है, जहां उसके पिता प्रकाश जोशी काम करते हैं।
प्रकाश जोशी मूल रूप से सक्ती जिले के ग्राम फगुरम के निवासी हैं। वह करीब चार महीने पहले अपने चार बच्चों के साथ परिवार का पालन-पोषण करने के लिए कोरबा आए थे। इसके बाद से परिवार रजगामार स्थित पोल्ट्री फार्म में रह रहा है।
राशन दुकान से सामान लेने गई थी भव्या
बच्ची के पिता प्रकाश जोशी के मुताबिक, 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब डेढ़ बजे उन्होंने भव्या को पास की राशन दुकान से घरेलू उपयोग का सामान लाने भेजा था। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
परिवार ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में बच्ची को खोजा, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की तलाश
बच्ची के लापता होने की जानकारी मिलते ही बालको थाना अंतर्गत रजगामार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल भव्या का कोई सुराग नहीं मिला है।