September 15, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से दिल्ली जा रही Air India की फ्लाइट को तकनीकी खराबी के बाद जयपुर की ओर डायवर्ट करना पड़ा। फ्लाइट संख्या AI1886 की जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एहतियातन लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी 140 यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

हवा में आई तकनीकी खराबी, जयपुर डायवर्ट हुई फ्लाइट

जानकारी के मुताबिक, विमान को भोपाल से सुबह 8:25 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन करीब 22 मिनट की देरी के बाद फ्लाइट ने 8:47 बजे टेक ऑफ किया।

विमान के दिल्ली की ओर रवाना होने के बाद रास्ते में अचानक तकनीकी खराबी की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि विमान के इंजन में समस्या आने के बाद पायलट ने एहतियातन फ्लाइट को जयपुर की ओर मोड़ने का फैसला लिया।

इसके बाद विमान की जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट को सुबह करीब 9:55 बजे दिल्ली पहुंचना था।

140 यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया

फ्लाइट में कुल 140 यात्री सवार थे। जयपुर एयरपोर्ट पर विमान की लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। फिलहाल किसी यात्री के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

फ्लाइट के जयपुर डायवर्ट किए जाने के कारणों को लेकर एयरलाइन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है। तकनीकी खराबी की प्रकृति और विमान की आगे की उड़ान को लेकर एयरलाइन की ओर से जानकारी का इंतजार है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *