नवा रायपुर। नवा रायपुर को गोल्फ और खेल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ 15 सितंबर को फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट, नवा रायपुर में होगा। उद्घाटन समारोह और प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

आयोजन में भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव के साथ डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमनदीप जौहल की भी विशेष मौजूदगी रहेगी। राष्ट्रीय स्तर के खेल दिग्गजों की उपस्थिति से प्रतियोगिता को व्यापक पहचान मिलने और प्रदेश में गोल्फ को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सेरेमोनियल टी-ऑफ से होगा प्रतियोगिता का शुभारंभ
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 3:05 बजे सेरेमोनियल टी-ऑफ के जरिए ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री और विशिष्ट अतिथि गोल्फ खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण भी किया जाएगा। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी, जिसमें मुख्यमंत्री और आयोजन से जुड़े अतिथि मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। इस दौरान प्रतियोगिता के उद्देश्य और प्रदेश में गोल्फ तथा खेल पर्यटन की संभावनाओं पर जानकारी साझा की जाएगी।
नवा रायपुर को गोल्फ और स्पोर्ट्स टूरिज्म का हब बनाने की पहल
‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का उद्देश्य प्रदेश में गोल्फ के प्रति रुचि को बढ़ावा देने के साथ उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। आयोजन के जरिए नवा रायपुर की आधुनिक अधोसंरचना और खेल सुविधाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की कोशिश की जा रही है।
गोल्फ जैसे बड़े आयोजन से नवा रायपुर को खेल पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित करने की संभावनाओं को बल मिल सकता है। इससे देशभर के गोल्फ खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और पर्यटकों का आकर्षण भी बढ़ने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय मंच पर दिखेगी नवा रायपुर की खेल क्षमता
‘नवा रायपुर ओपन 2026’ के माध्यम से नवा रायपुर की आधुनिकता, खेल सुविधाओं और उभरती खेल संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। आयोजन को प्रदेश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने और गोल्फ को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।