रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर का महादेव घाट सवा लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। खारुन नदी के तट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ विराट दीपोत्सव एवं महाआरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए और प्रदेशवासियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

सवा लाख दीपों के एक साथ प्रज्वलित होने से महादेव घाट का पूरा परिसर रोशनी से नहा उठा। इस दौरान खारुन मैया की विधि-विधान से महाआरती की गई। मुख्यमंत्री साय ने भी महाआरती में सहभागिता की।
PM मोदी के प्रति स्नेह और शुभकामनाओं का प्रतीक हैं दीप : CM साय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि खारुन मैया के तट पर प्रज्वलित सवा लाख दीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति छत्तीसगढ़वासियों के स्नेह, आत्मीयता और शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना की।
विराट दीपोत्सव के दौरान साध्वी प्रज्ञा भारती और आचार्यों ने खारुन मैया की महाआरती कराई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित साध्वी प्रज्ञा भारती द्वारा रचित एवं स्वरबद्ध गीत का विमोचन भी मुख्यमंत्री ने किया।
‘प्रधानमंत्री ने जीवन राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किया’
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किया है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास, जनकल्याण और राष्ट्रीय स्वाभिमान के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 140 करोड़ देशवासियों की सेवा में जुटे हैं और उनके नेतृत्व में भारत विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
अनुच्छेद 370 और राम मंदिर का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने कई ऐसे निर्णय और परिवर्तन देखे, जिनकी लंबे समय से प्रतीक्षा थी।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने और अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में रामलला के विराजमान होने का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन फैसलों के साथ देश ने नए आत्मविश्वास और सामर्थ्य का अनुभव किया है।
गरीब कल्याण योजनाओं का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए शासन के केंद्र में गरीब और समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति रहा है। उन्होंने गरीब परिवारों को पक्का आवास, शौचालय, जन-धन खाते, रसोई गैस कनेक्शन और खाद्यान्न सुरक्षा जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।
साय ने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के ध्येय के साथ काम कर रही है और गरीबों की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है।
‘PM मोदी के साथ काम करना मेरे सार्वजनिक जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव’
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने कार्य अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें केंद्र सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में काम करने का अवसर मिला।
साय ने कहा कि उस दौरान उन्हें प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली, अनुशासन, परिश्रम और जनसेवा के प्रति समर्पण को करीब से देखने का अवसर मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को सेवा और सुशासन से जोड़ते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की।
छत्तीसगढ़ और बस्तर का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ के लोगों के साथ आत्मीय जुड़ाव रहा है और केंद्र सरकार से प्रदेश को निरंतर सहयोग मिला है।
साय ने अपने संबोधन में बस्तर में माओवादी हिंसा के खिलाफ सुरक्षा अभियानों और विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, मोबाइल कनेक्टिविटी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बस्तर की प्राकृतिक संपदा, पर्यटन, संस्कृति और वनोपज आधारित अर्थव्यवस्था को स्थानीय लोगों की समृद्धि और रोजगार से जोड़ने का प्रयास कर रही है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
रायपुर में 32 लाख दीप जलाने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि महादेव घाट पर सवा लाख दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि राजधानी रायपुर में अलग-अलग स्थानों पर करीब 32 लाख दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
उन्होंने दीप को भारतीय संस्कृति में आशा, विश्वास और प्रकाश का प्रतीक बताते हुए कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का भी प्रतीक है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत और मोतीलाल साहू, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।