इटारसी। मध्य प्रदेश के इटारसी रेलवे जंक्शन के आउटर पर रविवार दोपहर कुशीनगर एक्सप्रेस के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। धुआं दिखाई देने के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए लोको पायलट ने ट्रेन को नाला मोहल्ला आउटर पर रोक दिया और इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों को दी।

इंजन में तकनीकी खराबी के बाद उठा धुआं
जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर एक्सप्रेस गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जा रही थी। ट्रेन इटारसी स्टेशन से रवाना होने के बाद नाला मोहल्ला आउटर के पास पहुंची, तभी इंजन से धुआं उठने लगा।
घटना दोपहर करीब 12:32 बजे हुई। लोको पायलट ने तत्काल मोबाइल के जरिए संबंधित अधिकारियों को सूचना दी और सावधानी बरतते हुए इंजन बंद कर ट्रेन को आउटर पर रोक दिया।
कनेक्टर में खराबी से आई समस्या
रेलवे स्टेशन प्रबंधक विनोद चौधरी के अनुसार, इंजन के अंदर एक कनेक्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण धुआं उठा था। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे की टीम को मौके पर भेजा गया और इंजन की जांच शुरू की गई।
जांच के बाद ट्रेन को आउटर से वापस प्लेटफॉर्म पर लाया गया। जिस इंजन से धुआं उठा था, उसे हटाकर उसके साथ दूसरा इंजन जोड़ा गया।
करीब एक घंटे की देरी से रवाना हुई ट्रेन
दूसरा इंजन लगाए जाने के बाद कुशीनगर एक्सप्रेस को सुरक्षित तरीके से आगे के लिए रवाना किया गया। तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन करीब एक घंटे की देरी से आगे रवाना हो सकी।
इंजन से अचानक धुआं निकलता देखकर यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। हालांकि, लोको पायलट की सतर्कता और समय पर ट्रेन रोक दिए जाने के कारण किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है।