रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ शम्भू को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। नियुक्ति के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों नेताओं को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शम्भू को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी का राष्ट्रीय स्तर पर अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण छत्तीसगढ़ में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को मजबूत करने में सहायक होगा।
CM साय ने स्मृति ईरानी को दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए जाने पर वह उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हैं।
उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी के दीर्घकालिक राष्ट्रीय अनुभव, राष्ट्रसेवा और संगठन के प्रति समर्पण से छत्तीसगढ़ में भाजपा के संगठन तथा जनसेवा के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।
सिद्धार्थ शम्भू को भी शुभकामनाएं
सीएम साय ने छत्तीसगढ़ के सह-प्रभारी नियुक्त किए गए सिद्धार्थ शम्भू को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि शम्भू की सक्रिय सहभागिता से संगठनात्मक कार्यों को गति मिलेगी।
स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शम्भू की नियुक्तियां भाजपा के व्यापक संगठनात्मक फेरबदल का हिस्सा हैं। पार्टी ने बुधवार को कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं।
छत्तीसगढ़ में संगठन की जिम्मेदारी
स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ के साथ हरियाणा का भी प्रभारी बनाया गया है। वहीं सिद्धार्थ शम्भू को छत्तीसगढ़ में सह-प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। दोनों नियुक्तियां भाजपा के केंद्रीय संगठन में हालिया बदलावों के बाद की गई हैं।
मुख्यमंत्री साय ने भाजपा की ओर से विभिन्न राज्यों में नवनियुक्त प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।