बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुनर्वास केंद्र में रह रहे एक आत्मसमर्पित नक्सली की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय नरसू बोडू, पिता लक्ष्मैया बोडू, निवासी कामकानार (थाना गंगालूर क्षेत्र) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

फरवरी 2025 में किया था आत्मसमर्पण
जानकारी के अनुसार, नरसू बोडू ने 27 फरवरी 2025 को बीजापुर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद वह पुनर्वास केंद्र में रह रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बीजापुर भेज दिया है। मौके पर पहुंची FSL टीम ने भी आवश्यक साक्ष्य जुटाने के लिए जांच की।
फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हैं। बीजापुर थाना पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई करते हुए जांच कर रही है।