November 7, 2026

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के मनावर तहसील अंतर्गत ग्राम देवरा में डोल ग्यारस के कार्यक्रम के दौरान मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। डीजे पर नाचने के दौरान हुए विवाद के बाद अज्ञात हमलावरों ने दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में 18 वर्षीय युवक विकास किराड़े की मौत हो गई, जबकि उसका साथी सावन गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

DJ पर नाचने के दौरान हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, ग्राम देवरा में डोल ग्यारस का चल समारोह निकाला जा रहा था। इसी दौरान गांव का 18 वर्षीय विकास किराड़े अपने साथी सावन के साथ कार्यक्रम में पहुंचा था। दोनों डीजे पर नाच रहे थे, तभी कुछ युवकों के साथ उनका विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने विकास और सावन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

पीठ और पेट पर किए गए वार

हमले में विकास गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसके पीठ और पेट पर धारदार हथियार के गहरे घाव बताए जा रहे हैं। वहीं सावन को भी चोटें आईं।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल मनावर के सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने 18 वर्षीय विकास को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सावन को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बड़वानी रेफर किया गया है।

अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही मनावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस की निगरानी भी बढ़ाई गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *