सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के धवारी चौक इलाके में काम पर जा रही एक युवती पर पीछे से चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

होटल में काम करने जा रही थी युवती
घायल युवती की पहचान जागृति जाटव, निवासी बाजराहा टोला के रूप में हुई है। जागृति धवारी चौक स्थित होटल स्पार्क में काम करती है।
बताया जा रहा है कि जागृति रोजाना की तरह अपने घर से होटल में ड्यूटी के लिए जा रही थी। इसी दौरान धवारी चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास पहले से मौजूद आरोपी ने कथित तौर पर पीछे से उस पर चाकू से हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवती की मदद की और घटना की सूचना पुलिस को दी।
जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
हमले में घायल जागृति को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल भी पहुंची और युवती से घटना के संबंध में जानकारी ली।
आरोपी सागर जाटव गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी की तलाश कर सागर जाटव को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ कर रही है। हमले के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।