दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में एक युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने पहले उसकी बाइक को स्कॉर्पियो से टक्कर मारी, फिर मारपीट कर उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए। जिस वाहन से युवक को ले जाया गया, उसके पीछे पुलिस लिखा होने की बात सामने आई है। पुलिस की सक्रियता के बाद आरोपियों ने युवक को सड़क किनारे गंभीर हालत में छोड़ दिया और फरार हो गए।

मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
कोर्ट से लौटते समय स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर
पूरा मामला दतिया के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक महेवा निवासी पवन यादव (24) अपने चचेरे भाई संजय यादव के साथ न्यायालय में वकील से मिलने गया था। दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए। आरोप है कि स्कॉर्पियो से उतरने वाले लोगों ने पवन यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी।
झाड़ियों में भागा युवक, पीछा कर पकड़ने का आरोप
बताया जा रहा है कि मारपीट से घबराकर पवन वहां से बचने के लिए झाड़ियों की ओर भागा, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर अपने साथ ले गए।
परिजनों के अनुसार जिस वाहन में पवन को ले जाया गया, उसके पीछे ‘पुलिस’ लिखा हुआ था। वाहन का नंबर UP 93 BO 3238 बताया गया है।
पुलिस की घेराबंदी के बाद सड़क किनारे मिला युवक
पवन के चचेरे भाई संजय यादव ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की और इलाके में नाकाबंदी व घेराबंदी की।
पुलिस की सक्रियता के बाद आरोपी कथित रूप से पवन यादव को लक्ष्मणपुर गांव के पास सड़क किनारे गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पवन को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
6 नामजद आरोपियों पर FIR
कोतवाली थाना पुलिस ने संजय यादव की रिपोर्ट पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। FIR में दशरथ यादव, शैलेन्द्र यादव, विकास यादव, संजू यादव, राघवेंद्र यादव और सुरेंद्र यादव के नाम शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण, हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।