बीजापुर जिले के भोपालपटनम स्थित एकलव्य रेसिडेंशियल स्कूल रुद्रारम में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी कंप्यूटर शिक्षक को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी को झालरापाटन से ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाया गया, जहां कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्रा के परिजनों ने भोपालपटनम थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीजापुर एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
राजस्थान और हरियाणा भेजी गईं पुलिस टीमें
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दो अलग-अलग टीमें गठित की थीं। एक टीम को राजस्थान और दूसरी टीम को हरियाणा भेजा गया था। पुलिस टीमों ने तकनीकी सूचनाओं के आधार पर आरोपी की लगातार तलाश शुरू की।
इसी दौरान पुलिस को आरोपी के राजस्थान में होने की जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को झालरापाटन, राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाया गया
गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवेन्द्र कुमार दहिया, पिता उमेद सिंह दहिया, उम्र 34 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे राजस्थान से ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाया।
बीजापुर पहुंचने के बाद भोपालपटनम थाना पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
SIT ने तकनीकी सूचना के आधार पर की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाश के दौरान लगातार तकनीकी सूचनाएं जुटाई गईं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी का लोकेशन ट्रेस कर राजस्थान में घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार किया।
मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।