कोरबा। छत्तीसगढ़ के दीपका में किन्नर समुदाय के लोगों और पिता-पुत्र के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कमेंट को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच करीब 10 मिनट तक मारपीट होने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बधाई मांगने के दौरान शुरू हुआ विवाद
मामला दीपका थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, किन्नर समुदाय के कुछ लोग क्षेत्र में ढोलक बजाते हुए दुकानों पर बधाई मांग रहे थे।
इसी दौरान दीपका चौक स्थित संजय पान पैलेस के पास किसी टिप्पणी को लेकर किन्नरों और वहां मौजूद लोगों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई।
पिता के बाद बेटे से भी मारपीट का आरोप
घटना के दौरान केजे सिंह कंपनी में काम करने वाले पंकज सिंह के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। पंकज सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके साथ चाकू और डंडे से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गए।
पिता के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे उनके बेटे प्रतीक सिंह के साथ भी मारपीट होने की बात कही जा रही है। घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोगों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना के सभी पहलुओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने दोनों पक्षों को दी समझाइश
दीपका थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत का इंतजार कर रही है।