रायपुर। भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र और पूर्ण स्वास्थ्य लाभ तथा दीर्घायु जीवन की कामना को लेकर मंगलवार को छत्तीसगढ़ में सामूहिक प्रार्थना का आयोजन किया गया। रायपुर लोकसभा क्षेत्र में 200 से अधिक स्थानों और पूरे प्रदेश में 1000 से अधिक स्थानों पर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया गया। राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक श्री दूधाधारी मठ में सांसद बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में 11 बार हनुमान चालीसा का पाठ कर उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की गई।

दूधाधारी मठ में 11 बार हुआ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ
रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विधानसभाओं के मंडलों से कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के सदस्य, श्रद्धालु और आम नागरिक शामिल हुए। लोगों ने हनुमान मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों पर एकत्र होकर कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
श्री दूधाधारी मठ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, भाजपा पदाधिकारी और नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान सामूहिक रूप से 11 बार हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।
बृजमोहन अग्रवाल ने पायलट के साहस को सराहा
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कैप्टन स्मित मच्छार के साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि पायलट ने कठिन परिस्थितियों में जिस हिम्मत का परिचय दिया, उससे देशवासियों का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है।
अग्रवाल ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार ने विमान और उसमें सवार यात्रियों की सुरक्षा के लिए अदम्य साहस दिखाया। उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि पूरा रायपुर उनके साथ खड़ा है और संकटमोचक हनुमान जी से उनके पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना कर रहा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वस्थ होने के बाद कैप्टन स्मित मच्छार फिर से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और देश का गौरव बढ़ाएंगे।
रायपुर में 200 से अधिक और प्रदेश में 1000 से ज्यादा स्थानों पर आयोजन
सांसद के आह्वान पर रायपुर लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभाओं के विभिन्न मंडलों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित किया गया। रायपुर लोकसभा क्षेत्र में 200 से अधिक स्थानों पर श्रद्धालुओं ने प्रार्थना की, जबकि पूरे छत्तीसगढ़ में 1000 से अधिक स्थानों पर सामूहिक पाठ हुआ।
रायपुर में श्री दूधाधारी मठ के अलावा अलग-अलग हनुमान मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर भी लोग जुटे। सभी ने कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द स्वस्थ होने और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।
फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान घायल हुए थे कैप्टन स्मित
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के दौरान उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने और विमान को सुरक्षित स्थिति में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके साहस की सराहना की गई है और उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए विभिन्न स्थानों पर प्रार्थनाएं की जा रही हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
श्री दूधाधारी मठ में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर सहित कई भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इनमें सुभाष तिवारी, मोहन एंटी, अंबर अग्रवाल, सचिन मेघानी, बद्री गुप्ता, ममता सोनू तिवारी, राम कृष्ण धीवर, हरि बल्लभ अग्रवाल, विजय अग्रवाल, सालिक सिंह ठाकुर, आशीष धनगढ, बृजेश पांडे, सरिता वर्मा, चूड़ामणि निर्मलकर, जय श्री नायक, रमेश सपहा, राजेंद्र नायक, किशन व्यास, श्याम सुंदर अग्रवाल, चंद्रपाल धनगर, ममता नायक, सीमा सिंह, मनोज राजपूत और अभिषेक तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।