November 6, 2026

गरियाबंद। जिला अस्पताल तक पहुंचने वाले मार्ग पर सालभर गंदा पानी जमा रहने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल के प्रवेश द्वार से महज 100 मीटर पहले सड़क नाले में तब्दील हो गई है। पिछले करीब चार वर्षों से बनी इस स्थिति ने शहर की सफाई व्यवस्था, जल निकासी और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गंदे पानी को पार कर अस्पताल पहुंचने वाले लोगों को संक्रमण और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बना रहता है। महिलाओं को भी आने-जाने में दिक्कत होती है। पानी से गुजरने के कारण लोगों के जूते और कपड़े तक भीग जाते हैं।

राइस मिल और अस्पताल का गंदा पानी सड़क पर जमा

जानकारी के मुताबिक, पास स्थित राइस मिल से निकलने वाला गंदा पानी, अस्पताल परिसर की निस्तारी से निकलने वाला पानी और वार्डों के आसपास का पानी इसी मार्ग पर जमा हो रहा है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।

अस्पताल पहुंचने के लिए मरीजों और उनके परिजनों को इसी जलभराव वाले रास्ते से गुजरना पड़ता है। जिला मुख्यालय में अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण संस्थान तक जाने वाले मार्ग की यह स्थिति व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

जल निकासी का रास्ता बंद होने से बढ़ी समस्या

बताया जाता है कि गरियाबंद के नगरीय निकाय में शामिल होने से पहले नेशनल हाईवे 130सी पर पेट्रोल पंप के पास नीचा रपटा हुआ करता था, जिससे पानी की निकासी होती थी। आरोप है कि पिछले एक दशक में जल निकासी की समुचित योजना के बिना कई मकानों के निर्माण की अनुमति दी गई। इससे पानी के बहाव का रास्ता बाधित हुआ और अस्पताल के सामने जलभराव की समस्या बढ़ती गई।

अस्पताल प्रबंधन भी इस समस्या के लिए नगरपालिका की चूक को जिम्मेदार मानता है। वहीं, नगरपालिका के अधिकारी भी समस्या से अवगत हैं, लेकिन कैमरे के सामने इस मुद्दे पर बात करने से बचते नजर आए। अधिकारियों ने समस्या का जल्द समाधान करने की बात कही है।

नेशनल हाईवे पर नाली निर्माण से मिलेगी राहत?

नगरपालिका का कहना है कि जल्द ही नेशनल हाईवे पर नाली निर्माण का काम शुरू किया जाएगा। इसके जरिए जमा पानी की निकासी की व्यवस्था की जाएगी और जलभराव की समस्या दूर करने का प्रयास होगा।

जिला प्रशासन भी इस बदहाल स्थिति से अवगत है। बताया गया है कि टीएल बैठकों में यह मुद्दा कई बार उठ चुका है। नाली निर्माण को जल्द शुरू कराने के लिए अधिकारी मौके का निरीक्षण कर चुके हैं और निर्माण कार्य में सहयोग की अपील भी कर रहे हैं।

मरीजों को कब मिलेगी जलभराव से राहत?

फिलहाल, अस्पताल पहुंच मार्ग पर गंदे पानी का जमाव लोगों के लिए परेशानी बना हुआ है। अब देखना होगा कि नगरपालिका और संबंधित विभाग नाली निर्माण का काम कब शुरू कराते हैं और मरीजों को इस समस्या से कब तक राहत मिल पाती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *