मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उज्जैन आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की टीम ने दलौदा पंचायत में छापा मारकर सरपंच दुर्गा कैथवास और उनके पति अनिल कैथवास को कथित तौर पर 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने के एवज में रिश्वत मांगी गई थी।

लोन की NOC के बदले मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, फरियादी विक्रम सिंह को पंचायत क्षेत्र से लोन स्वीकृत कराने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र की जरूरत थी। इसके लिए उन्होंने दलौदा पंचायत की सरपंच दुर्गा कैथवास और उनके पति अनिल कैथवास से संपर्क किया।
आरोप है कि NOC जारी करने के बदले सरपंच के पति ने उनसे 4 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसके बाद फरियादी ने मामले की शिकायत EOW से की।
शिकायत के सत्यापन के बाद EOW ने बिछाया जाल
शिकायत का सत्यापन करने के बाद उज्जैन EOW की टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए योजना बनाई। बताया जा रहा है कि जैसे ही विक्रम सिंह ने रिश्वत की रकम सरपंच दुर्गा कैथवास और उनके पति अनिल कैथवास को सौंपी, टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
EOW की टीम दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। मामले में आगे की प्रक्रिया जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरी की जाएगी।