November 6, 2026

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में शिक्षा के अधिकार अधिनियम (RTE) और निर्धारित शैक्षणिक नियमों के उल्लंघन के मामलों में जिला प्रशासन ने दो निजी स्कूलों पर सख्त कार्रवाई की है। प्रशासन ने काइट्स राइज पब्लिक स्कूल, बैढ़न और संस्कार वैली इंटरनेशनल स्कूल, धूरीताल पर एक-एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाया है। दोनों स्कूलों को सात दिन के भीतर जुर्माने की राशि जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

काइट्स राइज पब्लिक स्कूल पर बिना वैध मान्यता संचालन का मामला

बैढ़न स्थित काइट्स राइज पब्लिक स्कूल पर बिना वैध मान्यता के दो अलग-अलग परिसरों में स्कूल संचालित करने का मामला सामने आया था। इस संबंध में स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगा गया, लेकिन प्रशासन के अनुसार उसका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।

इसके बाद प्रशासन ने स्कूल पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया।

संस्कार वैली इंटरनेशनल स्कूल में पाठ्यक्रम के अनुरूप पढ़ाई नहीं कराने का आरोप

धूरीताल स्थित संस्कार वैली इंटरनेशनल स्कूल के खिलाफ निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप पढ़ाई नहीं कराने का मामला सामने आया था। प्रशासन के मुताबिक, स्कूल में नियमों के विपरीत शैक्षणिक गतिविधियां संचालित किए जाने के मामले में लगाया गया एक लाख रुपये का अर्थदंड बरकरार रखा गया है।

सात दिन के भीतर जुर्माना जमा करने के निर्देश

जिला प्रशासन ने दोनों स्कूलों को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर अर्थदंड की राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई का उद्देश्य स्कूलों में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना और विद्यार्थियों को नियमानुसार शिक्षा उपलब्ध कराना है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *