रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सीएम हेल्पलाइन पर मिली 2 लाख से अधिक मांगों, शिकायतों और समस्याओं की समीक्षा करेंगे। गुरुवार को दोपहर 3 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाली इस बैठक में शिकायतों के निराकरण की स्थिति, समाधान की गुणवत्ता और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री जिलेवार प्रगति की समीक्षा करने के साथ शिकायतों के निपटारे में कलेक्टरों के कामकाज का भी आकलन करेंगे।

9 मार्च को शुरू हुई थी CM हेल्पलाइन सेवा
जनशिकायतों के समाधान के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में 9 मार्च को सीएम हेल्पलाइन सेवा शुरू की गई थी। पिछले 7-8 महीनों में इस सेवा के माध्यम से प्रदेशभर से 2 लाख से अधिक मांगें, शिकायतें और समस्याएं दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
सरकार इन शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया में जुटी है। अब मुख्यमंत्री स्वयं समीक्षा कर यह आकलन करेंगे कि लोगों की समस्याओं का समाधान किस स्तर पर हो रहा है और शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया कितनी प्रभावी है।
मुख्य सचिव विकासशील ने भी की समीक्षा
मुख्यमंत्री की बैठक से पहले मुख्य सचिव विकासशील ने दो दिन पहले वरिष्ठ सचिवों के साथ बैठक कर सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की थी। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों पर गंभीरता से काम करने और शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
मुख्य सचिव की समीक्षा से मिले फीडबैक के आधार पर अब मुख्यमंत्री शिकायतों के समाधान की प्रगति का जायजा लेंगे।
शिकायतों के समाधान की गुणवत्ता पर रहेगा फोकस
सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सचिव राहुल भगत की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक की सूचना जारी की गई है। बैठक में शिकायतों के निपटारे से जुड़े कई अहम पहलुओं की समीक्षा होगी।
- जिलेवार शिकायतों के निराकरण की प्रगति
- निर्धारित समय-सीमा में शिकायतों का समाधान
- निराकरण की गुणवत्ता
- शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि
- लंबित मामलों की स्थिति और उनमें सुधार की जरूरत
समीक्षा में केवल शिकायतों को बंद किए जाने के बजाय यह भी देखा जाएगा कि संबंधित व्यक्ति की समस्या का वास्तविक समाधान हुआ है या नहीं।
कलेक्टरों के कामकाज का भी होगा आकलन
सीएम हेल्पलाइन सेवा शुरू करते समय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कलेक्टरों को इसके प्रभावी संचालन और शिकायतों के समाधान की जिम्मेदारी सौंपी थी। ऐसे में बैठक के दौरान जिलों के अधिकारियों की कार्यप्रणाली और शिकायतों के निराकरण में उनकी भूमिका पर भी नजर रहेगी।
जिलेवार समीक्षा से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि किन क्षेत्रों में शिकायतों के समाधान की प्रगति बेहतर रही है और कहां प्रक्रिया में सुधार की आवश्यकता है।
हेल्पलाइन नंबर 1076 पर दर्ज करा सकते हैं शिकायत
छत्तीसगढ़ में सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 के माध्यम से लोग अपनी मांगें, शिकायतें और समस्याएं दर्ज करा सकते हैं। अब तक इस माध्यम से 2 लाख से अधिक शिकायतें मिलने की जानकारी दी गई है।
सरकार के मुताबिक, शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए अलग-अलग स्तरों पर लंबित मामलों की समीक्षा भी की जा रही है। मुख्यमंत्री की आगामी बैठक में सामने आने वाली जिलेवार स्थिति से शिकायत निवारण व्यवस्था की प्रगति और सुधार की जरूरतों का आकलन किया जाएगा।