छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चोरों ने SECL कॉलोनी के एक सूने क्वार्टर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने के जेवर चोरी कर लिए। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बंगला नंबर D-03 का ताला तोड़कर अज्ञात चोर करीब 4 से 5 लाख रुपये कीमत के आभूषण लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चार महीने से खाली था क्वार्टर
जानकारी के मुताबिक, चोरी की वारदात SECL के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के क्वार्टर में हुई। मकान मालिक पिछले करीब चार महीने से बिलासपुर में रह रहे हैं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया।
आरोपियों ने क्वार्टर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने के जेवर चोरी कर लिए। घटना की जानकारी अगले दिन सुबह सामने आई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सुबह पहुंची महिला तो टूटा मिला ताला
क्वार्टर में झाड़ू-पोंछा करने वाली महिला जब अगली सुबह पहुंची, तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर अलमारी खुली थी और कपड़े व अन्य सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद चोरी का पता चला।
महिला के बेटे से जुड़े पहलू की भी जांच
बताया जा रहा है कि क्वार्टर में साफ-सफाई करने वाली महिला का बेटा रूपेन्द्र पिछले 11 दिनों से वहां सो रहा था, लेकिन वारदात वाली रात वह क्वार्टर में नहीं सोया था।
पुलिस इस घटनाक्रम समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
मानिकपुर चौकी पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही संदिग्धों से पूछताछ कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, चोरी के मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।