मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बैरागढ़ इलाके में 12 साल की बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बच्ची का शव कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक वीरान खंडहर में मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शव कंबल में लिपटा हुआ था और बच्ची के कपड़े घटनास्थल से अलग जगह पर मिले। मामले में यौन अपराध की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
गुरुवार रात घर से निकली थी बच्ची, शुक्रवार को मिला शव
जानकारी के मुताबिक, बच्ची बस्ती में रहती थी और पन्नी बीनकर अपना जीवनयापन करती थी। वह गुरुवार रात करीब 8 बजे घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी देर तक बच्ची के नहीं लौटने पर परिजनों ने देर रात उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
शुक्रवार को बच्ची का शव कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे एक वीरान खंडहर से बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही बैरागढ़ एसीपी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।
घटनास्थल से मिले अहम साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्ची के मुंह में कपड़ा डाले जाने और कमरे को बंद किए जाने की बात सामने आई है। उसके शरीर पर चोट और दांतों जैसे निशान मिलने की भी जानकारी दी गई है। बच्ची के कपड़े और गले का पेंडेंट भी शव से अलग स्थान पर मिले।
पुलिस इन सभी तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल बच्ची के साथ हुई घटना की प्रकृति और मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
आसिफ बेग उर्फ मोईन हिरासत में
एसीपी रत्नेश तोमर के मुताबिक, पुलिस ने संदेह के आधार पर आसिफ बेग उर्फ मोईन को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
फिलहाल मामले में जांच जारी है। हिरासत में लिया गया व्यक्ति संदिग्ध है और उसकी भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।
बैरागढ़ थाने के बाहर प्रदर्शन, आरोपी को फांसी देने की मांग
बच्ची का शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में लोगों ने बैरागढ़ थाने के बाहर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने संदिग्ध के खिलाफ सख्त कार्रवाई और दोष सिद्ध होने पर आरोपी को फांसी देने की मांग की।
पुलिस ने लोगों से जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।