November 4, 2026

मध्य प्रदेश के जबलपुर में प्रसिद्ध त्रिपुर सुंदरी मंदिर के बाहर दुकानों में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से तीन दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जबकि एक अन्य दुकान के भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। आग की लपटें आसपास की दुकानों तक फैलने लगी थीं। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

यह मंदिर भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में स्थित है। शारदीय नवरात्रि के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर के बाहर दुकानों में आग लगने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

रात करीब साढ़े नौ बजे मिली आग की सूचना

नगर निगम कर्मचारी राजेंद्र पटेल के मुताबिक, रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस कंट्रोल रूम से त्रिपुर सुंदरी मंदिर के सामने दुकानों में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद फायर स्टेशन से दमकल के दो वाहन तत्काल रवाना किए गए। साथ ही एक वाटर टैंकर भी मौके पर भेजा गया।

राजेंद्र पटेल ने बताया कि आग में तीन दुकानें पूरी तरह जल गई हैं। दमकल की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे लपटों को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोका जा सका।

आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है। नुकसान का विस्तृत आकलन भी किया जाना बाकी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *