November 6, 2026

मध्यप्रदेश के धार जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों के मामले सामने आए हैं। धामनोद में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, कुक्षी में मामूली विवाद के बाद कार चालक ने पिता-पुत्र को करीब 4 किलोमीटर तक कार के बोनट पर घसीटा। स्थानीय लोगों ने पीछा कर कार रुकवाई और दोनों की जान बचाई।

धामनोद में स्कॉर्पियो पलटी, युवक की मौत

धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में आईटीआई ग्राउंड के पास बीती देर रात करीब 3 बजे हादसा हुआ। महेश्वर निवासी दक्ष उर्फ बाबू (पिता सुभाष यादव) अपने साथी संदीप के साथ स्कॉर्पियो से महेश्वर की ओर जा रहे थे।

आईटीआई के पास तेज रफ्तार के कारण स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई। वाहन लोहे के बिजली के पोल को तोड़ते हुए पलट गया। हादसे में दक्ष स्कॉर्पियो के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसका एक पैर कटकर अलग होने की जानकारी सामने आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे इंदौर रेफर कर दिया गया।

कुक्षी में मामूली विवाद के बाद पिता-पुत्र को बोनट पर घसीटा

धार जिले के कुक्षी के सुतार मोहल्ला क्षेत्र में कार चालक की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक बुजुर्ग को कार से टक्कर मारने के बाद विरोध करने पर चालक ने उनके और उनके बेटे के साथ मारपीट की और फिर दोनों को कार के बोनट पर करीब 4 किलोमीटर तक घसीटा।

जानकारी के अनुसार, बाबूलाल 21 अक्टूबर की शाम करीब 8 बजे सुतार मोहल्ला रोड से पैदल अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कार क्रमांक MP13-ZL-8063 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।

फोटो खींचने की कोशिश पर कार की रफ्तार बढ़ाई

टक्कर के बाद बाबूलाल ने विरोध किया तो आरोपी चालक ने उनके साथ मारपीट की। इसी बीच उनका बेटा भारत भी मौके पर पहुंच गया। भारत ने जब चालक की हरकत का फोटो खींचने की कोशिश की, तो आरोप है कि चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी।

इस दौरान पिता-पुत्र कार के बोनट पर जा गिरे, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। वह दोनों को करीब 4 किलोमीटर तक बोनट पर घसीटता हुआ ले गया।

रास्ते में पीड़ितों के मोहल्ले के रहने वाले धर्मेंद्र, जयदीप गुंजाल और अन्य लोगों ने कार का पीछा किया। उन्होंने लोनी फाटा के पास वाहन रुकवाया और किसी तरह पिता-पुत्र की जान बचाई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *