November 6, 2026

मध्य प्रदेश के सुसनेर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक भेरू सिंह परिहार (बापू) सड़क हादसे में घायल हो गए। दुर्घटना पड़ोसी राज्य राजस्थान के झालावाड़ जिले में गंगधार थाना क्षेत्र के कुंडला रोड पर हुई। विधायक की कार और सामने से आ रही इलेक्ट्रिक स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में विधायक समेत दो लोग घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद विधायक को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

निपानिया झाला फंटे के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, विधायक भेरू सिंह परिहार अपनी कार से चौमहला से कुंडला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गंगधार थाना क्षेत्र में कुंडला रोड स्थित निपानिया झाला फंटे के पास सामने से आ रही ई-स्कूटी से उनकी कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

हादसे में विधायक भेरू सिंह परिहार के अलावा स्कूटी सवार युवक लाल सिंह (26) गंभीर रूप से घायल हो गया। लाल सिंह राजस्थान के रुनडी गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम बद्री सिंह बताया गया है।

प्राथमिक उपचार के बाद विधायक हायर सेंटर रेफर

हादसे के बाद राहगीरों और समर्थकों की मदद से दोनों घायलों को चौमहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।

विधायक भेरू सिंह परिहार की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, स्कूटी सवार लाल सिंह का इलाज चौमहला अस्पताल में जारी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *