November 7, 2026

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में उठाईगिरी का मामला सामने आया है। यहां एक किसान नेता की बाइक की डिक्की में रखा रुपयों और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग अज्ञात चोर पार कर ले गया। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध बाइक की डिक्की से बैग निकालते हुए दिखाई दे रहा है। अब पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

बैंक से पैसे निकालकर सब्जी लेने गए थे किसान नेता

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के गोल बाजार का है। जानकारी के मुताबिक, किसान नेता लीलाराम साहू बैंक से पैसे निकालने के बाद गोल बाजार में सब्जी खरीदने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने रुपयों और दस्तावेजों से भरा बैग अपनी बाइक की डिक्की में रख दिया था।

इसी बीच एक अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर बाइक की डिक्की खोली और बैग लेकर फरार हो गया। बैग में करीब 44 हजार रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।

CCTV फुटेज में बैग ले जाता दिखा संदिग्ध

बैग गायब होने की जानकारी मिलते ही लीलाराम साहू ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास की दुकानों में लगे CCTV कैमरों की जांच की। एक दुकान के कैमरे में संदिग्ध व्यक्ति बाइक की डिक्की से बैग निकालते हुए नजर आया।

टोपी पहने आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम

सामने आए वीडियो में टोपी पहने एक व्यक्ति पहले आसपास का मुआयना करता दिखाई दे रहा है। इसके बाद मौका मिलते ही वह बाइक की डिक्की से बैग निकालकर वहां से फरार हो जाता है।

फिलहाल कोतवाली पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान और तलाश में जुटी हुई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *