रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता साहिब हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर जारी हुआ सिक्का
पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार के वित्त मंत्रालय ने यह विशेष स्मारक सिक्का जारी किया है। सिंधी समाज की इस आध्यात्मिक विभूति के सम्मान में सिक्का जारी होना समाज के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर बताया गया।
इससे देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी लोगों में खुशी और गर्व का माहौल है। सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्रहकर्ता इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से बुक कर सकेंगे।
सिक्के पर अंकित है माता हासी देवी की छवि
भारत सरकार द्वारा जारी इस विशेष सिक्के पर पूज्य माता साहिब हासी देवी की छवि अंकित है। सिक्के के एक ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है।
इस स्मारक सिक्के के माध्यम से माता हासी देवी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने दिया।
कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू उपस्थित रहे।
इसके अलावा मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित वरिष्ठ अधिकारी, शदाणी दरबार के सदस्य और देशभर से आए जनप्रतिनिधि एवं सिंधी समाज के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।