November 7, 2026

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धान खरीदी, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) परीक्षा और महतारी वंदन योजना सहित कई मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरा है। दशहरा के बाद पहली बार मीडिया से रूबरू हुए बघेल ने आरोप लगाया कि सरकार धान खरीदी की व्यवस्था नहीं कर पा रही है। उन्होंने 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने की मांग करते हुए सवाल किया कि क्या सरकार समय पर किसानों का धान खरीदना नहीं चाहती? उन्होंने कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

PSC परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप, 2024 की परीक्षा रद्द करने की मांग

भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ PSC परीक्षा में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जीरो टॉलरेंस का दावा करने वाली सरकार के कार्यकाल में परीक्षा में गड़बड़ी हुई है, लेकिन इसकी जांच क्यों नहीं हो रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में बैठे लोग परीक्षा पास करवा रहे हैं। बघेल ने अभ्यर्थियों को उनकी उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि अब तक PSC अध्यक्ष की नियुक्ति क्यों नहीं हुई है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने वर्ष 2024 की PSC परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की जांच CBI से कराने की मांग की।

BTI ग्राउंड में व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाने का किया विरोध

रायपुर के BTI ग्राउंड में व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाए जाने को लेकर भी भूपेश बघेल ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि राजधानी में ट्रैफिक के नाम पर आम लोगों को परेशान किया जा रहा है।

बघेल ने कहा कि मंत्री और अधिकारी राजधानी में दो-दो बंगले रखे हुए हैं। सभी मंत्रियों को राजधानी का बंगला छोड़ देना चाहिए। उन्होंने BTI ग्राउंड में व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाने के फैसले को गलत बताते हुए कहा कि इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है।

महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों से वसूली का आरोप

भूपेश बघेल ने महतारी वंदन योजना को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के हितग्राहियों से वसूली की जा रही है। बघेल के मुताबिक, योजना में हितग्राहियों की संख्या 70 लाख से घटकर 68 लाख रह गई है, जबकि पात्र हितग्राहियों की संख्या बढ़नी चाहिए।

महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना

त्योहारों के दौरान बढ़ती महंगाई का मुद्दा उठाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता महंगाई से परेशान है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महंगाई कम करने में नाकाम रहे हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री की तेल बचाने की अपील पर तंज कसते हुए कहा कि एक ओर लोगों को तेल बचाने की नसीहत दी जाती है, वहीं जन्मदिन पर लाखों दीये जलवाए जाते हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *