November 8, 2026

रायपुर। भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू 25 और 26 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान दोनों नेता प्रदेश भाजपा संगठन के प्रमुख नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विचार परिवार के सदस्यों के साथ अलग-अलग बैठकों में शामिल होंगे। स्मृति ईरानी अभनपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सुनेंगी।

खास बात यह है कि जून में इसी अभनपुर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए थे। अब भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी यहां कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनेंगी।

25 अक्टूबर को संगठन के नेताओं के साथ बैठकें

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर की सुबह रायपुर पहुंचेंगी। सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक वे अभनपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनेंगी। इसके बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठनात्मक बैठकों का दौर शुरू होगा।

पहले दिन प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ बैठक होगी। इसके अलावा प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों एवं सह प्रभारियों, जिला प्रभारियों एवं सह प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ चर्चा की जाएगी। पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक भी निर्धारित है। इसी दिन भाजपा कोर ग्रुप की बैठक भी होगी।

26 अक्टूबर को विधायक, सांसद और मंत्रियों से करेंगी चर्चा

दौरे के दूसरे दिन 26 अक्टूबर को स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू विधायकों, सांसदों तथा मंत्रियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इसके बाद निगम-मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ चर्चा होगी। कार्यक्रम में विचार परिवार के सदस्यों के साथ बैठक भी शामिल है।

संगठन की आगामी कार्ययोजना पर होगा मंथन

दो दिवसीय प्रवास के दौरान प्रदेश में भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की कार्ययोजना पर मंथन होने की संभावना है। संगठन के लिहाज से दोनों नेताओं का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रवास के दौरान स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू के ठहरने की व्यवस्था रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में की गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *