छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शनिवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। न्यायधानी नाइट्स ने शुरुआती पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से शिकस्त दी और लीग में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। वहीं, दिन के पहले मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली।

लीग के मुकाबले देखने के लिए उप मुख्यमंत्री एवं खेल और युवा कल्याण मंत्री अरुण साव लगातार दूसरे दिन पहुंचे। मैचों के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
पेनाल्टी कॉर्नर गंवाना संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को पड़ा भारी
न्यायधानी नाइट्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच मुकाबले में शुरुआत से ही गोल के लिए दोनों टीमों ने जोरदार प्रयास किए। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के पास शुरुआती बढ़त बनाने के मौके थे, लेकिन टीम दो पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील नहीं कर सकी।
इसके बाद जीतू हेमला के पास पर ओम कुमार यादव ने गेंद को डिफ्लेक्ट कर गोल किया और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 1-0 से आगे कर दिया। हालांकि, शुरुआती बढ़त के बावजूद टीम अपनी लय बरकरार नहीं रख सकी।
दूसरे क्वार्टर में न्यायधानी नाइट्स ने मुकाबले का रुख पलट दिया। सुखवेद निर्मलकर ने फील्ड गोल कर स्कोर बराबर किया। इसके कुछ देर बाद शादाब अहमद खान ने गोल दागकर टीम को बढ़त दिला दी। इसी दौरान संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के गोलकीपर आदित्य कुमार नेताम गिर पड़े।
इसके तुरंत बाद चिराग ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर न्यायधानी नाइट्स की बढ़त 3-1 कर दी। इस तरह पहले हाफ में मिले मौकों के बावजूद संस्कारधानी स्ट्राइकर्स स्कोर में पिछड़ गई।
आशीष के गोल से वापसी की कोशिश, लेकिन जीत न्यायधानी के नाम
तीसरे क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने वापसी की कोशिश की। टीम एक और पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने में नाकाम रही, लेकिन पेनाल्टी स्ट्रोक पर आशीष तानी पूर्ति ने गोल कर स्कोर का अंतर कम कर दिया।
न्यायधानी नाइट्स ने भी तुरंत जवाब दिया। चिराग ने एक और पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर अपनी टीम की बढ़त फिर दो गोल की कर दी।
आखिरी क्वार्टर में आशीष तानी पूर्ति ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की उम्मीदें बढ़ाईं। हालांकि, न्यायधानी नाइट्स ने दबाव के बीच भी अपनी बढ़त बनाए रखी। अंत में सोनू ने गोल कर टीम की 5-3 से जीत सुनिश्चित कर दी।
मुकाबले में आशीष तानी पूर्ति को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और चिराग को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
चक्रधर चैंपियंस की लगातार दूसरी जीत
दिन के पहले मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराया। इस जीत के साथ चक्रधर चैंपियंस ने अपने दोनों मुकाबले जीत लिए हैं और सेमीफाइनल में जगह बनाने की दावेदारी मजबूत कर ली है।
टीम की जीत में परमप्रीत सिंह की अहम भूमिका रही। उन्होंने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए दो गोल किए। वहीं, राजधानी रॉयल्स की ओर से रौशन ने गोल किया।
राजधानी रॉयल्स की यह लगातार दूसरी हार रही। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए टीम को अब अपने शेष मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज करनी होगी।
रविवार को होंगे दो मुकाबले
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रविवार को भी दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मैच में शाम 5:30 बजे न्यायधानी नाइट्स का सामना बैलाडीला बुल्स से होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और मैनपाट टाइटन्स आमने-सामने होंगे।
दोनों मुकाबलों के नतीजे अंक तालिका और सेमीफाइनल की दौड़ के लिहाज से अहम होंगे।