November 9, 2026

रायपुर। राजधानी के बुढ़ापारा इलाके में पुराने मकान को तोड़ने के दौरान भवन का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के बाद आसपास की कई सड़कों पर आवागमन बाधित हो गया, वहीं पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। घटना से स्थानीय रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले में कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

मकान तोड़ने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, जिस मकान का हिस्सा ढहा है, वह डॉ. कुकरेजा का था। इसे राजधानी ज्वेलर्स के मालिक ने खरीदा था और यहां तोड़फोड़ का काम चल रहा था। इसी दौरान भवन का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद मौके पर काम कर रहे मजदूर वहां से चले गए। ठेकेदार के भी घटनास्थल से फरार होने की जानकारी सामने आई है।

सड़कें बंद, बिजली आपूर्ति भी बाधित

घनी आबादी वाले इस इलाके में भवन गिरने के बाद आसपास के रास्ते बंद हो गए, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति ठप होने से पूरे क्षेत्र के रहवासियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

अचानक हुई इस घटना और उसके बाद पैदा हुई अव्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। फिलहाल घटना के कारणों और जिम्मेदारों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *