November 9, 2026

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन पार्टी की बैठकों में संगठन को मजबूत बनाने और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय चिंतन आत्ममंथन, प्राथमिकताओं को फिर से तय करने और उस संकल्प को दोहराने का अवसर है, जिसने भारतीय जनसंघ से लेकर दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनने तक भाजपा को दिशा दी है।

फिर छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प

स्मृति ईरानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा पर गहरा विश्वास जताया है। यह विश्वास बड़ी जिम्मेदारी लेकर आया है। पार्टी कार्यकर्ताओं को इस भरोसे को बनाए रखने के साथ संगठन का विस्तार हर बूथ तक करना होगा।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जितना सुंदर है, यहां के कार्यकर्ता भी उतने ही सुंदर और सुशील हैं। सभी के पराक्रम और परिश्रम से प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा।

कर्मयोगी कार्यकर्ता ही संगठन की असली पूंजी

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता कर्मयोगी है और उसके परिश्रम से ही संगठन मजबूत होता है। पार्टी का वैचारिक आंदोलन ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और कार्यकर्ताओं के निःस्वार्थ योगदान से आगे बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की रीति-नीति एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचार से जुड़ी है, जिसमें अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति का उत्थान ही सफलता का पैमाना है। संगठन को अनुशासन ने अलग पहचान दी है। पद और दायित्व बदलते रहते हैं, लेकिन कार्यकर्ता हमेशा संगठन की स्थायी पूंजी रहता है।

स्मृति ईरानी ने सार्वजनिक जीवन में सादगी बनाए रखने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि लोग किसी व्यक्ति को नहीं, बल्कि उसके साथ जुड़ी पार्टी की विचारधारा को भी देखते हैं।

सोशल मीडिया के साथ जमीनी संपर्क पर जोर

स्मृति ईरानी ने कहा कि तकनीक के दौर में सोशल मीडिया पर संवाद जरूरी है, लेकिन यह जनता से सीधे संपर्क का विकल्प नहीं हो सकता। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव, पारा-टोला और बस्तर से सरगुजा तक लोगों के बीच पहुंचना होगा।

उन्होंने कहा कि आमजन के सुख-दुख में उनके साथ खड़े होना, उनकी समस्याएं सुनना और समाधान तक पहुंचाना कार्यकर्ता का वास्तविक दायित्व है। जब कार्यकर्ता बिना औपचारिकता और सादगी के साथ जनता के बीच बैठता है, तभी संगठन परिवार का रूप लेता है।

दो दिनों में 12 श्रेणियों की बैठकें हुईं: किरण देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने बैठकों के बाद पत्रकारों से चर्चा में कहा कि स्मृति ईरानी के दो दिवसीय प्रवास के दौरान पार्टी को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला है। संगठन की दृष्टि से ये बैठकें अहम रहीं, जिनमें पार्टी की रणनीति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू ने अलग-अलग सत्रों में करीब 12 श्रेणियों की बैठकें लीं।

कांग्रेस पर लगाए भ्रामक प्रचार के आरोप

किरण देव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के पास समय होने के बावजूद वह रचनात्मक काम करने के बजाय भ्रामक प्रचार में जुटी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की बैठकों को लेकर कांग्रेस काल्पनिक कहानियां गढ़ रही है, जिनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए बयान पर भी किरण देव ने आपत्ति जताई। उन्होंने इसे भाषायी गरिमा के खिलाफ बताते हुए निंदा की और कहा कि इस बयान से देश के लोग आहत हुए हैं।

सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि बैठकों में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान की समीक्षा भी की गई और इसके आगामी कार्यक्रमों पर बिंदुवार चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और छत्तीसगढ़ की राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाना है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *