धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मोबाइल फोन देखने को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने अपने सगे छोटे भाई की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम फरसगांव की है। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बड़े भाई कैलाश सोरी को गिरफ्तार कर लिया है।

मोबाइल देखने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, ग्राम फरसगांव निवासी कुंदन सोरी अपने घर में मोबाइल फोन देख रहा था। इसी दौरान उसके बड़े भाई कैलाश सोरी ने उसे टोका। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर कैलाश ने लकड़ी के डंडे से अपने छोटे भाई कुंदन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने उसके सिर पर भी जोरदार वार किया, जिससे कुंदन की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी बड़ा भाई गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही खल्लारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, हत्या के आरोपी बड़े भाई कैलाश सोरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।