रायपुर। कैबिनेट मंत्री एवं सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु खुशवंत साहेब के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इंस्टाग्राम पोस्ट पर की गई थी आपत्तिजनक टिप्पणी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल (@gurukhuswant) पर चंदखुरी से आरंग तक निकाली गई 71 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा से जुड़ा एक पोस्ट अपलोड किया गया था। इसी पोस्ट के कमेंट सेक्शन में jai_praksh_official_ नामक इंस्टाग्राम आईडी से मंत्री और सतनामी समाज के खिलाफ कथित तौर पर अशोभनीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था।
सामाजिक कार्यकर्ता ने दर्ज कराई थी शिकायत
घटना के बाद सामाजिक कार्यकर्ता ओम प्रकाश बघेल ने सिविल लाइन रायपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने कहा था कि इस तरह की टिप्पणियों से मंत्री की व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और सतनामी समाज सहित सर्वसमाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
BNS की धाराओं में दर्ज हुआ था मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाना रायपुर में 17 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 296, 196 और 353(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक धीरेंद्र बंजारे कर रहे थे।
पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी की पहचान की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।