November 9, 2026

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों में नवनियुक्त 520 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त कर्मचारियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए सेवाभाव, संवेदनशीलता और पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और प्रत्येक नागरिक तक बेहतर उपचार की पहुंच सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं। सरकार का प्रयास है कि शहरों के साथ-साथ गांवों, जनजातीय अंचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में भी लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें।

मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार भी जरूरी : CM साय

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में सेवा का अवसर मिलना अपने आप में बड़ी जिम्मेदारी है। अस्पताल आने वाला प्रत्येक मरीज और उसका परिवार स्वास्थ्यकर्मियों से उम्मीद और विश्वास रखता है। ऐसे में कर्मचारियों की जिम्मेदारी केवल शासकीय दायित्वों तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और सेवाभाव भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से कहा कि रोगियों की सेवा से बढ़कर कोई कार्य नहीं है। वे अपनी ड्यूटी को केवल नौकरी न मानें, बल्कि जनसेवा और पुण्य का कार्य समझकर पूरी ईमानदारी, मनोयोग और समर्पण से काम करें। उनके अच्छे व्यवहार और तत्परता से मरीजों तथा उनके परिजनों का स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत होगा।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य निर्माण के बाद बीते 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। राज्य सरकार नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विकास, आवश्यक उपकरणों और संसाधनों की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य अमले को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ से ही विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है। सरकार का लक्ष्य ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को जरूरत के समय सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।

14 जिलों में तैनात होंगे 520 स्वास्थ्यकर्मी

स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों में चयनित 520 कर्मचारियों में शामिल पदों का विवरण इस प्रकार है—

  • स्टाफ नर्स – 208 पद
  • ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक पुरुष – 95 पद
  • ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक महिला – 94 पद
  • फार्मासिस्ट – 25 पद
  • वार्ड बॉय – 50 पद
  • वार्ड आया – 48 पद

ये सभी नवनियुक्त कर्मचारी प्रदेश के 14 जिलों में अपनी सेवाएं देंगे। इन नियुक्तियों से संबंधित जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन के लिए आवश्यक मानव संसाधन बढ़ेगा और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन 14 जिलों में कर्मचारियों की पदस्थापना होनी है, उनमें अधिकांश जिले जनजातीय बहुल हैं। ऐसे क्षेत्रों में उनकी जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि भौगोलिक दूरी किसी भी नागरिक के लिए बेहतर इलाज में बाधा न बने।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मी सरकार और आम जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। नवनियुक्त कर्मचारी जहां भी पदस्थ हों, वहां लोगों के विश्वास पर खरा उतरते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं को मिल रहे अवसर : स्वास्थ्य मंत्री

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने सभी नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि 520 कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरी की गई है। यह प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवश्यक मानव संसाधन बढ़ाने पर लगातार काम कर रही है। डॉक्टर, नर्स सहित स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न पदों पर जरूरत के अनुसार आगे भी भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से अनुशासन, निष्ठा और सेवाभाव के साथ काम करने की अपील की।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, आयुक्त सह संचालक स्वास्थ्य सेवाएं संजीव झा सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और नवनियुक्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *