November 10, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दौरान 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रोमांचक हवाई करतब दिखाएगी। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले एयर शो में पांच हेलीकॉप्टर एक साथ आसमान में विभिन्न संरचनाएं बनाते हुए उड़ान भरेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बुधवार को रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में सारंग टीम के सदस्यों ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्योत्सव में टीम की भागीदारी को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का आगमन प्रदेशवासियों के लिए हर्ष और गौरव की बात है। भारतीय वायु सेना अपने साहस, अनुशासन, समर्पण और पेशेवर दक्षता के लिए विश्वभर में सम्मानित है। सारंग टीम का प्रदर्शन इन गौरवशाली परंपराओं का परिचय कराएगा।

उन्होंने कहा कि यह एयर शो छत्तीसगढ़वासियों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों के लिए यादगार अनुभव होगा। भारतीय सशस्त्र बलों का शौर्य और पराक्रम देशवासियों के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है। सारंग टीम के पायलटों के कठिन हवाई करतब उनके प्रशिक्षण, सटीकता, अनुशासन और आपसी समन्वय को दर्शाते हैं।

2 नवंबर को सेंध लेक के आसमान में दिखेगा रोमांचक नजारा

नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में सुबह 11 बजे से होने वाले इस विशेष प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टर आकर्षक संरचनाएं बनाते हुए सामूहिक उड़ान भरेंगे। दर्शकों को हेलीकॉप्टरों की समन्वित उड़ान, अलग-अलग आकृतियों और रोमांचक हवाई करतबों को देखने का अवसर मिलेगा।

सारंग टीम की खासियत बेहद नजदीकी सामूहिक उड़ान और निर्धारित संरचनाओं में हेलीकॉप्टरों का सटीक संचालन है। राज्योत्सव के दौरान यह प्रदर्शन समारोह के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा और विमानन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। स्वदेशी तकनीक से विकसित ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टरों के जरिए सारंग टीम का प्रदर्शन देश की तकनीकी क्षमता और नवाचार का भी परिचय कराएगा।

ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में होगा प्रदर्शन

सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में दो महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं। पांच हेलीकॉप्टरों के जरिए टीम आसमान में विभिन्न संरचनाओं और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेगी।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने राज्योत्सव में शामिल होने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस समारोह का हिस्सा बनना टीम के लिए गर्व और सम्मान की बात है।

उन्होंने बताया कि सारंग टीम का उद्देश्य केवल दर्शकों को रोमांचक हवाई करतब दिखाना नहीं, बल्कि युवाओं को साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करना भी है। भारतीय वायु सेना में युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और देश की सेवा करने के अवसर मिलते हैं।

स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टरों से दिखेगी भारत की तकनीकी क्षमता

भारतीय वायु सेना की सारंग टीम स्वदेशी उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (ALH) ‘ध्रुव’ के माध्यम से हवाई प्रदर्शन करती है। टीम अपनी विशिष्ट उड़ान शैली और सामूहिक समन्वय के लिए जानी जाती है।

सारंग टीम के हेलीकॉप्टरों का रंग संयोजन और डिजाइन भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है। पांच हेलीकॉप्टरों की सामूहिक उड़ान, सटीक संचालन और एक साथ बदलती संरचनाएं दर्शकों के लिए खास आकर्षण होंगी।

ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के अनुसार, दुनिया में हेलीकॉप्टरों के माध्यम से इस तरह के एयरोबैटिक प्रदर्शन करने वाली चुनिंदा तीन टीमें हैं, जिनमें भारतीय वायु सेना की सारंग टीम भी शामिल है। इस तरह के प्रदर्शन के लिए पायलटों के बीच बेहतरीन तालमेल, एकाग्रता, निरंतर अभ्यास और तकनीकी दक्षता जरूरी होती है।

महिला पायलटों की भागीदारी से बेटियों को मिलेगी प्रेरणा

मुख्यमंत्री साय ने टीम में दो महिला पायलटों की सहभागिता पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि देश की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। रक्षा और विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया जैसी महिला पायलटों की उपलब्धियां छत्तीसगढ़ की बेटियों को भी विमानन और रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेंगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि सारंग टीम का प्रदर्शन युवाओं में भारतीय वायु सेना और अन्य सशस्त्र बलों में शामिल होकर राष्ट्रसेवा करने की भावना को मजबूत करेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास और प्रेस अधिकारी आलोक सिंह भी उपस्थित थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *