November 10, 2026

भिलाई/कोलकाता। गुजरात, पश्चिम बंगाल और झारखंड में कारोबार के नाम पर 300 करोड़ रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी के मामले में कोलकाता पुलिस ने भिलाई जिला भाजपा के पूर्व कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल को झारखंड से गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को 10 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

13 महीने से था फरार, थाने के बाहर से गिरफ्तारी

जानकारी के मुताबिक, संदीप अग्रवाल करीब 13 महीने से फरार चल रहा था। वह झारखंड के एक थाने में सरेंडर करने पहुंचा था। इसी दौरान लोकेशन ट्रेस कर पहुंची कोलकाता पुलिस ने उसे थाने के बाहर से ही गिरफ्तार कर लिया।

आरोप है कि संदीप और उसके परिजनों ने कारोबार की आड़ में अपने साथियों के साथ मिलकर 300 करोड़ रुपये से अधिक की रकम का गबन किया। उसकी तलाश में तीन राज्यों की पुलिस अहमदाबाद, गांधीधाम, भुवनेश्वर, रायपुर, भिलाई और कोलकाता सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

राजनीतिक रसूख दिखाने का भी आरोप

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संदीप अग्रवाल भिलाई में खुद को भाजपा नेता बताकर प्रभाव जमाता था और पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल करता था। वह गुजरात के डीसीबी थाने से जुड़े एक मामले में पहले से जमानत पर था। इस मामले में पुलिस अदालत में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।

वहीं, झारखंड पुलिस ने भी अदालत के आदेश पर उसके आवास पर नोटिस चस्पा किया था।

परिवार के अन्य सदस्य भी आरोपी

शिकायत के अनुसार, कथित धोखाधड़ी के मामलों में संदीप के दोनों बड़े भाई संजय अग्रवाल और सचिन अग्रवाल भी नामजद अभियुक्त हैं। दोनों के खिलाफ पहले लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया था।

संजय और सचिन गांधीधाम तथा धनबाद की जेलों में करीब 13 महीने तक बंद रहे। हाल ही में दोनों को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली है। संजय अग्रवाल की पत्नी राखी भी इस मामले में सह-अभियुक्त बताई गई हैं। वह धनबाद जेल में करीब दो महीने रहने के बाद जमानत पर रिहा हुई थीं।

फिलहाल, मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होनी बाकी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *