November 10, 2026

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। गौरिहार थाना क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें स्कूली छात्र चलती बस की छत और पिछले हिस्से में लटककर सफर करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद बस ऑपरेटर और जिम्मेदार विभागों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

गोलू राजा बस सर्विस की बस का बताया जा रहा वीडियो

वायरल वीडियो गोलू राजा बस सर्विस की बस का बताया जा रहा है। वीडियो में बस यात्रियों से खचाखच भरी नजर आ रही है। आरोप है कि बस के अंदर जगह नहीं होने के बावजूद बच्चों को यात्रा करने से नहीं रोका गया। इसके चलते कुछ छात्र बस की छत और पिछले हिस्से में लटककर सफर करते दिखाई दे रहे हैं।

चलती बस में इस तरह यात्रा करना बच्चों के लिए बेहद जोखिम भरा हो सकता है। जरा-सी चूक या अचानक ब्रेक लगने से गंभीर हादसा होने की आशंका बनी रहती है।

परिवहन विभाग की कार्रवाई पर नजर

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने बस चालक और ऑपरेटर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि स्कूली बच्चों को इस तरह यात्रा करने की अनुमति देना उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है।

फिलहाल, वायरल वीडियो के आधार पर बस ऑपरेटर के खिलाफ कार्रवाई और प्रशासन की ओर से जांच को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि परिवहन विभाग और स्थानीय प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *