बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की कुएं में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पत्नी को कुएं में गिरता देख पति ने उसे बचाने के लिए छलांग लगा दी, लेकिन दोनों की जान नहीं बच सकी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। मामला परसवाड़ा जनपद पंचायत के ग्राम सीताडोंगरी का है।

पानी लेने गई पत्नी का फिसला पैर
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सीताडोंगरी के वार्ड क्रमांक 5 निवासी कांति बाई उइके (48) घर के पीछे स्थित कुएं से पानी लेने गई थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गईं।
पत्नी को बचाने के लिए उनके पति अंजोर सिंह उइके (52) भी कुएं में उतर गए। हालांकि, इस दौरान दोनों पानी में डूब गए और उनकी मौत हो गई।
दंपति के पांच बच्चे, गांव में शोक
बताया गया कि कांति बाई और अंजोर सिंह कृषि मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और तीन बेटे शामिल हैं। दोनों बेटियों और एक बेटे की शादी हो चुकी है।
इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।