November 11, 2026

इंदौर। शहर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक इवेंट कंपनी की फायर फ्लेम मशीन की टेस्टिंग के दौरान अचानक उसका मुंह घूम गया और आग की तेज लपटें ऊपर जाने के बजाय गली की ओर निकल गईं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बुजुर्ग और उनका मासूम पोता आग की चपेट में आ गए। दोनों को मामूली चोटें और झुलसन आई है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

टेस्टिंग के दौरान अचानक बदली मशीन की दिशा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर परदेशीपुरा क्षेत्र की एक गली में इवेंट कंपनी का स्टाफ फायर फ्लेम मशीन समेत अन्य उपकरणों की टेस्टिंग कर रहा था। इसी दौरान बुजुर्ग रमेशचंद्र जायसवाल अपने पोते के साथ पैदल घर से बाहर निकल रहे थे।

बताया गया कि मशीन से आग की लपटें ऊपर की ओर छोड़ी जा रही थीं, तभी अचानक उसका डायरेक्शन बदल गया। आग की तेज लपटें सीधे गली की तरफ आ गईं और वहां से गुजर रहे रमेशचंद्र तथा उनका पोता इसकी चपेट में आ गए।

CCTV में कैद हुई घटना, पुलिस ने दर्ज किया केस

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि दादा और पोते को मामूली चोटें आईं और दोनों की जान बच गई।

स्थानीय लोगों और परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में मशीन से निकली आग की लपटें राहगीरों की ओर जाती दिखाई दे रही हैं।

परदेशीपुरा थाना पुलिस ने मामले में इवेंट कंपनी के स्टाफ के खिलाफ लापरवाही से खतरनाक उपकरण चलाने और मानव जीवन को खतरे में डालने के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *