बड़वानी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़वानी जिले के गायत्री धाम, कलाल्दा में आयोजित शरद उत्सव कार्यक्रम में विद्यार्थियों से ‘विकसित भारत का आधार’ विषय पर संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा, उपलब्धियों और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए संवाद में शामिल प्रत्येक विद्यार्थी को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा, खेल, संगीत और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों से उनकी सफलता और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि प्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थी अपनी मेहनत से परिवार और प्रदेश का नाम रोशन करने के साथ विकसित भारत के निर्माण में भी योगदान दे रहे हैं।
नीट में सफल रोहित बामनिया की उपलब्धि की सराहना
संवाद के दौरान एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, जामली, सेंधवा के पूर्व छात्र रोहित बामनिया ने बताया कि उन्होंने नीट-2026 परीक्षा में सफलता हासिल कर शासकीय मेडिकल कॉलेज, नीमच में प्रवेश प्राप्त किया है। उन्होंने यह भी बताया कि उनके कई सहपाठियों का चयन भी नीट के माध्यम से शासकीय मेडिकल कॉलेजों में हुआ है।
मुख्यमंत्री ने रोहित को बधाई देते हुए उनके परिवार के बारे में जानकारी ली और चिकित्सक बनने के बाद सेवाभाव से काम करने के लिए प्रेरित किया। रोहित ने बताया कि उनकी मेडिकल शिक्षा की फीस मध्यप्रदेश सरकार वहन कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार वंचित और पिछड़े वर्गों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। पात्र विद्यार्थियों को शासकीय और निजी महाविद्यालयों में पढ़ाई के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से फीस संबंधी सहायता दी जा रही है। उन्होंने रोहित से अपने क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी चिकित्सा शिक्षा के लिए मार्गदर्शन देने का आग्रह किया।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम आईं आराधना के गायन ने मोहा मन
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, जामली, सेंधवा की कक्षा 10वीं की छात्रा आराधना तरोले ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष आयोजित कला उत्सव में शास्त्रीय संगीत के एकल गायन में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया था।
मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए गीत प्रस्तुत करने का आग्रह किया। आराधना ने अपनी मधुर आवाज में गीत सुनाया, जिसे सुनकर मुख्यमंत्री सहित कार्यक्रम में मौजूद लोग मंत्रमुग्ध हो गए। मुख्यमंत्री ने उनकी संगीत प्रतिभा की सराहना करते हुए नियमित अभ्यास जारी रखने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
हाई जंप में राष्ट्रीय विजेता साक्षी को ओलंपिक का लक्ष्य
कन्या खेल परिसर, निवाली की कक्षा 10वीं की छात्रा साक्षी भागले ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय शालेय खेल प्रतियोगिता की हाई जंप स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री ने साक्षी को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ी नियमित अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने विद्यार्थियों को ओलंपिक और एशियाई खेलों जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने का लक्ष्य रखने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को प्रोत्साहन मिल रहा है। राज्य सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि एशियाई खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण सहित कुल 11 पदक हासिल कर मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया है।
स्मार्ट क्लास और जेईई-नीट की तैयारी की सुविधाओं की तारीफ
कन्या शिक्षा परिसर की कक्षा 10वीं की छात्रा किरण गिरासे ने बताया कि संस्थान में आईसीटी लैब, कंप्यूटर लैब और स्मार्ट क्लास के माध्यम से आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा दी जा रही है। यहां नियमित पढ़ाई के साथ जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाती है।
मुख्यमंत्री ने सरकारी शिक्षण संस्थानों में आधुनिक तकनीकी संसाधनों और स्मार्ट क्लास की सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। डिजिटल शिक्षा के विस्तार से विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
छात्र के सवाल पर बताए समय प्रबंधन के तरीके
संवाद के दौरान कक्षा सातवीं के छात्र कृष्णा सीताराम चौहान ने मुख्यमंत्री से उनकी व्यस्त दिनचर्या में समय प्रबंधन के बारे में सवाल किया।
मुख्यमंत्री ने छात्र के प्रश्न की सराहना करते हुए कहा कि सफलता के लिए समय का सही नियोजन जरूरी है। विद्यार्थियों को रात में सोने से पहले अगले दिन की दिनचर्या और कामों की रूपरेखा तैयार करनी चाहिए। उन्होंने नियमित पढ़ाई के साथ योगासन, प्राणायाम और शारीरिक गतिविधियों को भी दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी।
मुख्यमंत्री ने स्वाध्याय की आदत विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि पाठ्यक्रम के अलावा स्वयं अध्ययन करने से ज्ञान का विस्तार होता है और बौद्धिक क्षमता विकसित होती है।
चिकित्सा से लेकर आधुनिक खेती तक करियर के विकल्प बताए
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्यों और करियर की योजनाओं के बारे में भी पूछा। उन्होंने चिकित्सा, इंजीनियरिंग, शिक्षण, राजनीति और आधुनिक कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में परिश्रम, समर्पण और नवाचार के माध्यम से बेहतर उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने आधुनिक तकनीक और नवाचार अपनाकर प्रगतिशील किसान बनने को भी एक महत्वपूर्ण करियर विकल्प बताया।
मुख्यमंत्री ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस के जीवन का उदाहरण देते हुए राष्ट्रसेवा और दृढ़ संकल्प का महत्व समझाया। उन्होंने बताया कि नेताजी ने भारतीय सिविल सेवा की प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण करने के बावजूद देश की स्वतंत्रता को सर्वोपरि मानते हुए नौकरी का रास्ता छोड़ दिया और स्वतंत्रता संग्राम में अपना जीवन समर्पित कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्तिगत सफलता के साथ अपनी शिक्षा, योग्यता और प्रतिभा का उपयोग समाज तथा राष्ट्र के विकास के लिए करना भी जरूरी है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रसिद्ध निमाड़ी गायक तुलसीराम पटेल, चिरंजीवी वेदिका ने श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय की प्रस्तुति दी। वहीं गुरुकुल के विद्यार्थियों ने गौमाता वंदना और शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेल, कला, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है। इन गतिविधियों से आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।