इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर एयरपोर्ट पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता सुमित्रा महाजन की सुरक्षा को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। अहिल्या स्मारक से जुड़े विषय पर चर्चा के लिए एयरपोर्ट पहुंचीं सुमित्रा महाजन के पास अचानक एक अनजान व्यक्ति आ गया। बताया जा रहा है कि व्यक्ति नशे में था। उसने पहले राजनीतिक विषयों पर बात की और फिर इधर-उधर की बातें करने लगा। इस दौरान सुमित्रा महाजन दो बार असहज महसूस हुईं।

पर्सनल असिस्टेंट ने CISF को दी सूचना
घटना के दौरान सुमित्रा महाजन के पर्सनल असिस्टेंट राजेश मिश्रा ने तत्काल केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों को इसकी सूचना दी। इसके बाद सुरक्षाकर्मी उस व्यक्ति को अपने साथ ले गए।
बिना पहचान दर्ज किए छोड़ने पर नाराजगी
मामले में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल तब उठे, जब आरोप है कि CISF ने उस व्यक्ति की पहचान दर्ज किए बिना ही उसे जाने दिया। इस लापरवाही पर सुमित्रा महाजन ने नाराजगी जताई और एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।
घटना ने एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा प्रोटोकॉल और अनजान व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने की व्यवस्था पर चिंता खड़ी कर दी है।