November 11, 2026

उज्जैन। नगर निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर का पत्नी के साथ थाईलैंड में मगरमच्छ का मांस खाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद उनकी विदेश यात्रा को लेकर भी सवाल उठे हैं। नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने पुष्टि की है कि राठौर ने विदेश जाने के लिए निगम या शासन से कोई प्रशासनिक अनुमति नहीं ली थी। मामले में उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर विभागीय कार्रवाई की जा रही है।

खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट किया वीडियो

जानकारी के मुताबिक, राजकुमार राठौर उज्जैन नगर निगम के जोन क्रमांक 1, 2 और 3 में भवन अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। हाल ही में वे पत्नी के साथ थाईलैंड यात्रा पर गए थे। वहां एक रेस्टोरेंट में उन्होंने मगरमच्छ का मांस खाते हुए वीडियो बनाया और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया।

वीडियो के साथ उन्होंने अंग्रेजी में कैप्शन लिखा—‘Trying crocodile for the first time in Thailand’, जिसका अर्थ है, ‘थाईलैंड में पहली बार मगरमच्छ का मांस चखना।’ वीडियो वायरल होने के बाद इस पर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं आने लगीं और मामला नगर निगम प्रशासन तक पहुंच गया।

बिना अनुमति विदेश यात्रा पर विभागीय कार्रवाई

सरकारी सेवा नियमों के तहत विदेश यात्रा से पहले संबंधित विभाग से निर्धारित अनुमति लेना आवश्यक होता है। नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने बताया कि भवन अधिकारी राजकुमार राठौर ने विदेश यात्रा के लिए कोई अनुमति नहीं ली थी।

आयुक्त के मुताबिक, बिना अनुमति विदेश जाने और सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन के मामले में अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। उनके खिलाफ विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *