पन्ना। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को पन्ना जिला जेल पहुंचकर केन-बेतवा परियोजना के विस्थापितों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही दिव्या अहिरवार से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन पर निशाना साधा। पटवारी ने आरोप लगाया कि पन्ना और छतरपुर में वर्ष 2015-16 से आदिवासियों की जमीन लेने का सिलसिला जारी है, लेकिन कई विस्थापितों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है।

पटवारी ने कहा कि 24 वर्षीय दिव्या अहिरवार ने अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाई तो उन पर झूठे मुकदमे दर्ज कर जेल भेज दिया गया। उन्होंने इसे दमनकारी कार्रवाई बताते हुए सरकार और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए।
पन्ना एसपी के रवैये पर भी उठाए सवाल
जेल से बाहर आने के बाद मीडिया से चर्चा में पटवारी ने राज्य सरकार को घेरा और उसे ‘हत्यारी सरकार’ करार दिया। उन्होंने पन्ना एसपी पर अहंकारी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। पटवारी ने कहा कि आदिवासियों के आंदोलन को दबाने और उनके अधिकारों की आवाज को अनसुना करने का जवाब जनता आने वाले चुनावों में देगी।
कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर हमला
पटवारी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सागर, देवास और मुरैना में जहरीली शराब से हुई मौतों, छिंदवाड़ा और बालाघाट में बच्चों की मौतों तथा इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों का उल्लेख किया।
इसके अलावा उन्होंने आबकारी मंत्री के निजी सहायक (पीए) से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों और सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।