November 12, 2026

आगर-मालवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को सुसनेर विधानसभा क्षेत्र के नलखेड़ा में विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर परिसर में प्रस्तावित भव्य देवी लोक परियोजना के प्रथम चरण का भूमिपूजन किया। करीब 85.40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह देवी लोक आने वाले समय में आस्था, अध्यात्म और धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने मंदिर पहुंचकर मां बगलामुखी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश-दुनिया से नलखेड़ा आने वाले श्रद्धालुओं को यहां विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उज्जैन में श्री महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद मालवांचल में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है। अब मां बगलामुखी देवी लोक के विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

108 फीट ऊंचा होगा मुख्य शिखर, 220 यज्ञशालाएं बनेंगी

देवी लोक के प्रथम चरण में करीब 85.40 करोड़ रुपये की लागत से कई निर्माण और विकास कार्य किए जाएंगे। परियोजना के तहत मंदिर के मुख्य शिखर की ऊंचाई 108 फीट होगी। मुख्य मंदिर का निर्माण 2,800 वर्गमीटर क्षेत्र में किया जाएगा। इसमें गर्भगृह, ऊपरी संरचना और पत्थर की क्लैडिंग का काम शामिल है।

श्रद्धालुओं और धार्मिक अनुष्ठानों की सुविधा के लिए परिसर में 220 यज्ञशालाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा 625 वर्गमीटर क्षेत्र में गौशाला का निर्माण होगा। मंदिर कॉरिडोर और प्रांगण का विकास कर दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाया जाएगा।

परियोजना के प्रमुख निर्माण कार्यों में शामिल हैं:

  • मंदिर परिसर में चार भव्य मुख्य प्रवेश द्वार।
  • विशिष्ट अतिथियों के लिए सुविधायुक्त वीवीआईपी भवन।
  • पूरे परिसर की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल।
  • चारपहिया वाहनों और बसों के लिए पार्किंग व्यवस्था।
  • श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शौचालय ब्लॉक।
  • उद्यान और हरित क्षेत्रों का विकास एवं सौंदर्यीकरण।
  • आंतरिक-बाहरी विद्युत व्यवस्था और फसाड लाइटिंग।
  • बाहरी प्लंबिंग, अग्निशमन और अन्य जरूरी सुविधाएं।

आमला से नलखेड़ा तक बनेगा 14 किमी लंबा बायपास

मुख्यमंत्री ने कहा कि नलखेड़ा आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क और पुल से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है। आमला से नलखेड़ा तक 55 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से करीब 14 किलोमीटर लंबा नया बायपास बनाया जा रहा है। इसके फोरलेन निर्माण से नागरिकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

लखुंदर नदी पर 13.77 करोड़ रुपये की लागत से नया उच्चस्तरीय पुल बनाया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित और सुगम होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नलखेड़ा के रास्ते में आने वाली पुलिया और सड़कों को भी जरूरत के अनुसार चौड़ा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र की सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने पर भी काम किया जा रहा है। लखुंदर नदी के किनारे सुंदर घाट बनाए जाएंगे। इसके साथ ही पार्किंग क्षेत्र का विस्तार, साफ-सुथरे शौचालय, पक्की सड़कें और अतिथियों के लिए भवन तैयार किए जाएंगे। धर्मशालाओं में भी श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।

प्रदेश के 14 से अधिक धार्मिक स्थलों को दिव्यलोक बनाने का संकल्प

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के 14 से अधिक धार्मिक स्थलों को दिव्यलोक के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है। इनमें ओरछा, उज्जैन का महाकाल लोक, ओंकारेश्वर का एकात्म धाम और चित्रकूट धाम सहित अन्य धार्मिक स्थल शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि बाबा बैजनाथ का भी भव्य धाम विकसित किया जा रहा है और मां बगलामुखी का धाम भी इसी तरह भव्य स्वरूप लेगा।

मुख्यमंत्री ने मां बगलामुखी के आशीर्वाद का उल्लेख करते हुए कहा कि इस वर्ष अलनीनो का प्रभाव कम रहा और अच्छी बारिश के कारण सोयाबीन की फसल भरपूर हुई है। उन्होंने बताया कि इस साल किसानों को सोयाबीन की उपज पर लगभग 7,000 रुपये प्रति क्विंटल का मूल्य मिलेगा।

जनप्रतिनिधियों ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत

कार्यक्रम में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं आगर-मालवा जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक भैरव सिंह बापू और पूर्व विधायक राणा विक्रम सिंह ने मुख्यमंत्री का मां बगलामुखी देवी की तस्वीर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद रोडमल नागर ने कहा कि मां बगलामुखी ने मुख्यमंत्री को प्रदेश की जनता की सेवा करने का विशेष आशीर्वाद दिया है। उन्होंने देवी लोक के भूमिपूजन के लिए सुसनेर विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री का आभार जताया।

कार्यक्रम में विधायक माधव सिंह, मधु गहलोत, ओम मालवीय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *