भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) कारखाने में कॉपर चोरी के मामले का गोविंदपुरा थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने स्टोर सुपरवाइजर सुधीर पाल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का कॉपर और वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति-800 कार सहित करीब 5 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

21 कॉपर रोल चोरी होने की शिकायत पर शुरू हुई जांच
जानकारी के मुताबिक, BHEL कारखाने से 21 कॉपर रोल यानी तांबे के बंडल चोरी होने की शिकायत मिलने के बाद गोविंदपुरा पुलिस ने जांच शुरू की थी। चोरी गए कॉपर रोल की कीमत करीब 4 लाख 72 हजार रुपये बताई गई थी।
पुलिस की जांच में कारखाने के स्टोर सुपरवाइजर सुधीर पाल की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार, वह इस चोरी की साजिश का मुख्य आरोपी है। उसके साथ धर्मेंद्र कटियार और ओमप्रकाश बंजारे को भी गिरफ्तार किया गया है।
मारुति-800 से सुरक्षा घेरे के बाहर निकाला कॉपर
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कॉपर रोल को मारुति-800 कार की डिग्गी और सीटों के नीचे छिपाकर कारखाने के सुरक्षा घेरे से बाहर निकाला था। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 कॉपर बंडल बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति-800 कार भी जब्त की गई है। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
कबाड़ियों को बेचा गया था चोरी का तांबा, अन्य कर्मचारियों की भूमिका की जांच
पुलिस की जांच में सामने आया है कि चोरी किया गया तांबा कबाड़ियों को बेचा गया था। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ियों को भी मामले में सह-आरोपी बनाया है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की इस वारदात में BHEL के अन्य कर्मचारियों या सुरक्षाकर्मियों की भी कोई भूमिका थी या नहीं। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच जारी है।