भोपाल। मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए भाजपा द्वारा केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाए जाने पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पुरी का नाम कथित तौर पर एपस्टीन फाइल में आने का हवाला देते हुए भाजपा की नैतिकता और महिला सुरक्षा से जुड़े दावों पर निशाना साधा। उन्होंने यह भी सवाल किया कि मध्य प्रदेश के किसी दलित, आदिवासी या ओबीसी नेता को उम्मीदवार क्यों नहीं बनाया गया।

एपस्टीन फाइल का जिक्र कर भाजपा पर साधा निशाना
उमंग सिंघार ने कहा, “महिलाओं की सुरक्षा और लाड़ली बहना की बात करते हो, लेकिन आज ऐसे व्यक्ति, जिसका नाम एपस्टीन फाइल में आया, उसे राज्यसभा से भेजना चाहते हैं। यह बड़े शर्म की बात है।”
सिंघार ने इस मुद्दे पर भाजपा के नैतिकता संबंधी दावों पर सवाल उठाए। हालांकि, किसी दस्तावेज में नाम का उल्लेख होना अपने आप में किसी अपराध या गलत आचरण का प्रमाण नहीं है।
बोले- मध्य प्रदेश के दलित, आदिवासी और ओबीसी नेता क्या कम हैं?
नेता प्रतिपक्ष ने पूछा कि क्या मध्य प्रदेश में कोई ऐसा नेता नहीं है, जिसे राज्यसभा भेजा जा सके? उन्होंने कहा कि प्रदेश में दलित, आदिवासी और ओबीसी वर्ग के नेता मौजूद हैं, लेकिन भाजपा बड़े नेताओं को प्राथमिकता दे रही है।
सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा मध्य प्रदेश के साथ भेदभाव कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश को अपना मायका बताती है, लेकिन राज्यसभा उम्मीदवार के चयन से उसके व्यवहार पर सवाल खड़े होते हैं।
एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट
केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक सीट खाली हुई थी। इसी सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार घोषित किया था।
पुरी भारतीय विदेश सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी और पूर्व राजनयिक हैं। वे केंद्र सरकार में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री के पद पर रहे हैं। भाजपा के इस फैसले पर अब कांग्रेस ने प्रदेश के प्रतिनिधित्व और उम्मीदवार के चयन को लेकर सवाल उठाए हैं।