इंदौर। शहर में जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त वीआईपी के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर इंदौर एयरपोर्ट, डेली कॉलेज और रेसीडेंसी एरिया के आसपास के इलाकों को नो ड्रोन फ्लाइंग जोन घोषित किया है। निर्धारित अवधि में इन क्षेत्रों में ड्रोन और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं के संचालन पर रोक रहेगी।

एयरपोर्ट और डेली कॉलेज के 5 किलोमीटर दायरे में प्रतिबंध
पुलिस कमिश्नर के आदेश के मुताबिक, 28 अक्टूबर 2026 को इंदौर एयरपोर्ट के 5 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन और अन्य प्रतिबंधित उड़ने वाली वस्तुओं का संचालन नहीं किया जा सकेगा।
वहीं, 28 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 तक डेली कॉलेज परिसर और रेसीडेंसी एरिया के 5 किलोमीटर के दायरे में भी प्रतिबंध लागू रहेगा। इसके दायरे में ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून और अन्य उड़ने वाली वस्तुएं शामिल हैं। हालांकि, व्यावसायिक उड़ानों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
उल्लंघन पर होगी कानूनी कार्रवाई
आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया था। प्रतिबंधात्मक व्यवस्था 28 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 की रात 8 बजे तक प्रभावशील रहेगी। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 223 सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
VIP की सुरक्षा के मद्देनजर फैसला
जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त वीआईपी के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए एयरपोर्ट, डेली कॉलेज और रेसीडेंसी एरिया के आसपास यह व्यवस्था की गई थी। पुलिस ने निर्धारित क्षेत्र और समय के दौरान बिना अनुमति ड्रोन या अन्य प्रतिबंधित उड़ने वाली वस्तुओं का संचालन नहीं करने की हिदायत दी थी।