भोपाल। मध्य प्रदेश में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य शासन ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 12 अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव में कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, कुछ अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय और विभिन्न वाहिनियों में पदस्थ किया गया है।

इन जिलों में बदले गए पुलिस अधीक्षक
तबादला आदेश के मुताबिक, अलीराजपुर के एसपी ऋषुवर कुमार सिंह को पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजा गया है। उनकी जगह EOW उज्जैन में पदस्थ समर वर्मा को अलीराजपुर का नया एसपी बनाया गया है।
बैतूल एसपी वीरेंद्र जैन को भोपाल नगर पुलिस में पुलिस ट्रैफिक एसपी की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस मुख्यालय भोपाल से अमित सक्सेना को बैतूल का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
पन्ना एसपी निवेदिता नायडू को 10वीं वाहिनी विसबल, सागर भेजा गया है। उनकी जगह साइबर सेल इंदौर में पदस्थ सत्यसाची सराफ पन्ना के नए एसपी होंगे।
नर्मदापुरम एसपी साईकृष्ण थोटा को पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) बनाया गया है। वहीं, 32वीं वाहिनी विसबल, उज्जैन से दीपक कुमार शुक्ला को नर्मदापुरम का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
रेल एसपी भोपाल अंकित जायसवाल को हरदा का एसपी बनाया गया है। हरदा एसपी शशांक को पुलिस मुख्यालय भोपाल में AIG की जिम्मेदारी दी गई है।
वाहिनियों और अन्य पदों पर भी बदलाव
तबादला सूची के अनुसार, अभिषेक आनंद को 15वीं वाहिनी विसबल, इंदौर की जिम्मेदारी के साथ पीटीसी इंदौर के पुलिस अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
श्रुतकीर्ति सोमवंशी को 21वीं वाहिनी विसबल, ग्वालियर में पदस्थ किया गया है। उन्हें 14वीं वाहिनी विसबल, ग्वालियर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल में कुल 12 IPS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।